झारखंड में सामने आई स्वाइन फ्लू के 8 से अधिक मामले, स्वास्थ्य विभाग हुआ सतर्क
झारखंड में स्वाइन फ्लू (H1N1) के 8 से ज्यादा मरीज मिलने के बाद राज्य में अलर्ट जारी हो गया है। ये सभी मरीज रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) में सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेजों और जिला निगरानी अधिकारियों से कहा है कि वे जांच बढ़ा दें। साथ ही आइसोलेशन वार्ड तैयार रखें और PPE किट व ऑक्सीजन जैसे जरूरी सामानों का इंतजाम करके रखें।
अधिकारियों ने कहा- एहतियाती निगरानी जारी
अधिकारियों के मुताबिक, यह सिर्फ सावधानी के तौर पर किया जा रहा है, ताकि किसी भी स्थिति के लिए सब तैयार रहें। फ्लू जैसे लक्षणों की रोजाना जांच की जा रही है और इसके लिए रांची और जमशेदपुर में टेस्टिंग लैब भी खुले हैं। अगर आप बुजुर्ग हैं, गर्भवती हैं, किसी गंभीर पुरानी बीमारी से पीड़ित हैं या आपके घर में 5 साल तक के बच्चे हैं, तो अधिकारियों ने ऐसे लोगों को इस समय खास सावधानी बरतने की सलाह दी है।