अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने की है तैयारी, जानें घर में कितना सोना रख सकते हैं
क्या आप अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने की सोच रहे हैं? तो जान लीजिए कि भारत में कितना सोना रखा जा सकता है, इसकी कोई तय सरकारी सीमा नहीं है। लेकिन, यदि सरकार या कोई अधिकारी सोने के स्रोत के बारे में पूछता है, तो आपको उसका ब्यौरा देना होगा। इसके लिए सबसे जरूरी है कि आपके पास सही दस्तावेज़ हों, खासकर तब जब आपके पास ज्यादा सोना हो।
टैक्स जांच के दौरान कितना सोना रख सकते हैं?
जब भी टैक्स विभाग की छापेमारी होती है, तब शादीशुदा महिलाएं 500 ग्राम तक, अविवाहित महिलाएं 250 ग्राम तक और पुरुष 100 ग्राम तक सोना (गहने और आभूषण के रूप में) रख सकते हैं। इस दौरान उनसे कोई सवाल नहीं पूछा जाता और न ही किसी दस्तावेज़ की जरूरत होती है। लेकिन, अगर आपके पास इस तय सीमा से ज्यादा सोना है, तो बिल, उपहार के कागजात या विरासत के प्रमाण पत्र जैसे सबूत अपने पास रखना बेहद जरूरी है। इसके अलावा, अगर आपकी सालाना आय 1 करोड़ रुपये से ज्यादा है, तो अपने टैक्स रिटर्न में सोने का पूरा ब्यौरा देना न भूलें।