NSA अजीत डोभाल का आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश, कहा- एकजुटता से हो कार्रवाई
भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने रूस की राजधानी मॉस्को में हुए एक बड़े सुरक्षा सम्मेलन में आतंकवाद के खिलाफ एकजुट कार्रवाई की अपील की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आतंकवाद से लड़ने के लिए दोहरे मापदंड नहीं होने चाहिए। अब सिर्फ बातें करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि हर किसी को एक पक्ष चुनकर कार्रवाई करनी होगी। इस सम्मेलन की मेजबानी रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने की थी, जहां दुनिया के बदलते सुरक्षा परिदृश्य और एक बहुध्रुवीय विश्व पर गंभीर चर्चा हुई।
डोभाल ने ग्लोबल साउथ की आवाज उठाने की मांग की
डोभाल ने पुरानी वैश्विक संस्थाओं में सुधार की भी वकालत की, ताकि 'ग्लोबल साउथ' के देशों को भी अपनी आवाज उठाने और फैसले लेने में वास्तविक भागीदारी मिल सके। उन्होंने आगाह किया कि पश्चिम एशिया में बढ़ते खतरे 'हॉर्मुज जलडमरूमध्य' और 'लाल सागर' जैसे महत्वपूर्ण व्यापारिक मार्गों को बाधित कर सकते हैं, जिससे वैश्विक व्यापार पर बुरा असर पड़ेगा। इन मुद्दों पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने के लिए वह इस सप्ताह कई और बैठकें भी करेंगे।