NSA अजित डोभाल ने UAE के राष्ट्रपति से की मुलाकात, ऊर्जा सुरक्षा और स्थिरता पर खास बातचीत
भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने हाल ही में अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। इस मुलाकात का मुख्य मकसद दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना था। उनकी बातचीत में खासकर ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्र के सामने आ रही नई चुनौतियों से निपटने जैसे अहम मसलों पर जोर दिया गया।
दोनों पक्षों ने सहयोग और स्थिरता पर जोर दिया
अजीत डोभाल ने इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी का संदेश भी राष्ट्रपति जायद तक पहुंचाया। इस दौरान दोनों पक्षों ने आपसी तरक्की के लिए मिलकर काम करने और साझा सुरक्षा चिंताओं को दूर करने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में यह बात भी साफ तौर पर सामने आई कि दोनों ही देश क्षेत्र में शांति और स्थिरता चाहते हैं। UAE के कई वरिष्ठ अधिकारी भी इस मुलाकात में मौजूद थे, जो इस बात को दर्शाता है कि मौजूदा वक्त में दोनों देशों के संबंध कितने अहमियत रखते हैं।