LOADING...
एयर इंडिया ने सुरक्षा चिंताओं के कारण निलंबित की मध्य-पूर्वी देशों की सभी उड़ानें
एयर इंडिया ने सुरक्षा चिंताओं के कारण निलंबित की मध्य-पूर्वी देशों की सभी उड़ानें

एयर इंडिया ने सुरक्षा चिंताओं के कारण निलंबित की मध्य-पूर्वी देशों की सभी उड़ानें

Feb 28, 2026
05:45 pm

क्या है खबर?

इजरायल के अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर हमला करने और ईरान की ओर से जवाबी कार्रवाई करने के बाद मध्य-पूर्व देशों में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। इजरायल और ईरान ने अपने-अपने हवाई क्षेत्र को भी बंद कर दिया है। ऐसे में एयर इंडिया ने यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मध्य-पूर्व देशों में जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को निलंबित कर दिया है। एयरलाइन ने खुद परिचालन बंद करने की पुष्टि की है।

बयान

एयर इंडिया ने क्या जारी किया बयान?

एयर इंडिया ने एक्स पर जारी आधिकारिक बयान में लिखा है, 'मध्य-पूर्व के कुछ हिस्सों में विकसित हो रही स्थिति को देखते हुए सभी एयर इंडिया उड़ानें मध्य-पूर्व के सभी गंतव्यों के लिए आगे की सूचना तक निलंबित कर दी गई हैं।' एयरलाइन ने जोर दिया कि यात्रियों और चालक दल सदस्यों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति की गहन समीक्षा करने के बाद ही संचालन बहाल किया जाएगा।

जानकारी

प्रभावित मार्गों की सूची

एयर इंडिया ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी, दुबई, जेद्दा, रियाद, सऊदी अरब के दम्माम, कतर के दोहा, ओमान के मस्कट और इजरायल की राजधानी तेल अवीव को जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को निलंबित किया है।

Advertisement

सहायता

प्रभावित यात्रियों के लिए सहायता

एयरलाइन ने कहा है कि इस निलंबन से प्रभावित यात्रियों को एयरलाइन टीमों द्वारा आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। इसमें पुनर्निर्धारण, धन वापसी और जहां लागू हो वहां वैकल्पिक व्यवस्थाओं से संबंधित सहायता शामिल है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे हवाई अड्डे पर जाने से पहले आधिकारिक संचार चैनलों के माध्यम से नवीनतम जानकारी प्राप्त करते रहें। इसी तरह अतिरिक्त जानकारी या सहायता के लिए +91 1169329333 और +91 1169329999 पर कॉल कर सकते हैं।

Advertisement

निलंबन

इन एयरलाइंस ने भी निलंबित की उड़ानें

एयर इंडिया के अलावा इंडिगो और स्पाइसजेट ने भी अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित करते हुए यात्रियों से अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने के बाद ही हवाई अड्डों पर जाने की अपील की है। इनके अलावा ईजमाईट्रिप, एमिरेट्स एयरलाइन ने दुबई से, ITA एयरवेज ने तेल अवीव, ओमान एयर ने बगदाद, कतर एयरवेज ने दोहा, वर्जिन अटलांटिक, पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA), टर्किश एयरलाइंस और ब्रिटिश एयरवेज ने भी मध्य-पूर्व के लिए अपनी उड़ानें निलंबित की है।

Advertisement