अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) दिल्ली ने भारतीय चिकित्सा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के डॉक्टरों ने देश में पहली बार पेट में पल रहे बच्चे की रीढ़ की हड्डी की गंभीर खराबी को ठीक करने के लिए 'ओपन फीटल स्पाइनल सर्जरी' को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। गर्भावस्था के 25वें हफ्ते में की गई यह छह घंटे लंबी सर्जरी, बच्चे की रीढ़ की हड्डी को आगे होने वाले नुकसान से बचाने के लिए थी। 12 नवंबर को संपन्न हुई यह सर्जरी, भारत में चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ दीपक गुप्ता के नेतृत्व में बहु-विषयक टीम
इस जटिल ऑपरेशन का नेतृत्व डॉ दीपक गुप्ता ने किया। उनके साथ 30 से भी अधिक डॉक्टर और नर्सों की एक बहु-विषयक टीम शामिल थी। न्यूरोसाइंसेस सेंटर में टीम ने अत्याधुनिक इमेजिंग और सर्जिकल टूल जैसी सभी उपलब्ध सुविधाओं का पूरा उपयोग किया। टीम ने 5 हफ्तों से भी ज्यादा समय तक ऑपरेशन की हर बारीकी की योजना बनाई और परिवार को पूरी प्रक्रिया के बारे में समझाया। इस पूरे इलाज का खर्च सरकार की एक योजना के तहत उठाया गया। AIIMS का कहना है कि हालांकि इस सर्जरी से बेहतर परिणाम मिलने की उम्मीद है, फिर भी बच्चे को जन्म के बाद लगातार देखभाल की जरूरत होगी। अस्पताल अब ऐसे आधुनिक इलाज को जरूरतमंद परिवारों तक सुगम बनाने का प्रयास कर रहा है।