चेन्नई के 33 साल के एक टेक प्रोफेशनल को टिंडर पर "मोनिका" नाम की प्रोफाइल से दोस्ती करना भारी पड़ गया। वह ऑनलाइन जिससे चैट कर रहा था, वो "मोनिका" नहीं, बल्कि 29 साल का जयकार्तिक राजा था।
राजा ने AI की मदद से फर्जी तस्वीरें बनाईं और मोनिका की आवाज में वॉइस नोट्स भेजकर पीड़ित को यकीन दिलाया कि वह एक असली इंसान से बात कर रहा है। जब पीड़ित को पूरा भरोसा हो गया, तो राजा ने अलग-अलग बहाने बनाकर उससे पैसे मांगने शुरू कर दिए।
पुलिस ने जयकार्तिक राजा और साथी को गिरफ्तार किया
धीरे-धीरे उनकी बातचीत टिंडर से वॉट्सऐप पर शिफ्ट हो गई और पैसों की मांग लगातार बढ़ती चली गई। जब पीड़ित को धोखाधड़ी का शक हुआ, तो उसने तुरंत साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजा और उसकी एक महिला साथी को गिरफ्तार कर लिया। यह महिला राजा को एक मैट्रिमोनियल साइट पर मिली थी और वह भी "मोनिका" बनकर लोगों को ठगने में शामिल थी।
पुलिस ने उनके पास से सबूत के तौर पर कई फोन और बैंक कार्ड जब्त किए हैं। यह घटना बताती है कि हाई-टेक स्कैम भी कितने असली लग सकते हैं, इसलिए ऑनलाइन किसी भी नए व्यक्ति से जुड़ते समय हमेशा सतर्क रहना चाहिए।