अग्नि नक्षत्रम का प्रकोप: तमिलनाडु में 43 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
तमिलनाडु अब साल के सबसे गर्म समय में दाखिल हो रहा है, जिसे 'अग्नि नक्षत्रम' कहा जाता है। यह दौर 4 मई से 28 मई तक चलेगा। साफ आसमान और तेज धूप के चलते मौसम विभाग ने बताया है कि वेल्लोर, तिरुचिरापल्ली और मदुरै जैसे शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
लू का असर 3 हफ्तों तक रहने की उम्मीद
राज्य के कई इलाकों में अभी से तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच रहा है। चेन्नई का समुद्री किनारा थोड़ा ठंडा भले ही हो, लेकिन नमी के चलते लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह लू का दौर 3 हफ्तों से ज्यादा वक्त तक चलेगा।
हालांकि, मई के आखिर में मानसून से पहले होने वाली बारिश से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन ने सभी लोगों को सलाह दी है कि वे खूब पानी पिएं, दोपहर के समय बेवजह घर से बाहर निकलने से बचें और बच्चों, बुजुर्गों और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत वाले लोगों का खास ध्यान रखें।