असम ऑयल इंडिया धमाका: 3 मौत के बाद 4 अधिकारी-कर्मचारी निलंबित, जांच के आदेश
असम में ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) के तेंगखाट स्थित संयंत्र में हुए एक बड़े विस्फोट और आग लगने की घटना के बाद कंपनी ने 4 कर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए लोगों में 3 अधिकारी और एक कर्मचारी शामिल हैं।
यह कार्रवाई उन पर ड्यूटी में लापरवाही के आरोपों के बाद हुई है। इस दुखद घटना में मरने वालों की संख्या अब 3 हो गई है, क्योंकि शनिवार को एक और घायल कर्मचारी ने दम तोड़ दिया।
OIL ने मुआवजा देने का ऐलान किया
OIL ने इस घटना में जान गंवाने वाले हर परिवार को 10 लाख रुपये और घायलों को 5 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने घायल कर्मचारियों से मुलाकात की और OIL से उन्हें बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने का आग्रह किया।
उन्होंने कंपनी को निर्देश दिए कि घटना के कारणों की पूरी जांच की जाए। सोनोवाल ने जान गंवाने वाले परिवारों के लिए उचित मुआवजे की भी मांग की और इसके कारणों का पता लगाने के लिए उच्च-स्तरीय जांच कराने की बात कही।