दिल्ली के आस्था कुंज उद्यान में दुष्कर्म के बाद DDA का बड़ा एक्शन, 323 उद्यानों में लगाए जाएंगे CCTV कैमरे
दिल्ली के आस्था कुंज उद्यान में हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने उद्यानों को सुरक्षित बनाने के लिए तेजी से काम शुरू कर दिया है। उन्होंने 323 उद्यानों में कैमरे लगाने की जगहें पहचान ली हैं और रोशनी बढ़ाने के लिए LED फ्लडलाइट्स भी लगवा रहा हैं। आस्था कुंज में तो CCTV लगाने का एक अलग से प्रोजेक्ट पहले से ही चल रहा है। उद्यानों में सुरक्षा के लिए किए जा रहे ये सभी सुधार अगले कुछ हफ्तो में शुरू हो जाएंगे।
5,000 नए गार्ड भर्ती करेगा DDA
DDA ने हाल ही में उद्यानों का एक सर्वे करवाया था। इस सर्वे में पता चला है कि दिल्ली के कुल 736 उद्यानों में से ज्यादातर में न तो कैमरे लगे हैं और न ही उनमें अच्छी रोशनी का इंतजाम है। अभी सिर्फ 16 उद्यानों में ही CCTV कैमरे लगे हुए हैं। यही नहीं, कई उद्यानों की चारदीवारी भी टूटी हुई मिली और अंदर जाने के रास्ते भी खराब हालत में पाए गए। इन सारी कमियों को दूर करने के लिए DDA ने 134 संवेदनशील जगहों पर हथियारबंद गार्ड तैनात करने की योजना बनाई है। साथ ही DDA 5,000 नए गार्डों की भर्ती भी कर रहा है। इससे उम्मीद है कि उद्यानों में जल्द ही सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।