केरलम के मूझियार बांध का गेट खोले जाने के बाद कई जिले जलमग्न, तत्काल निकासी की अपील
केरलम के मध्य त्रावणकोर में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद नदियां खतरनाक स्तर पर पहुंच गई हें। इससे कोट्टायम, पथानामथिट्टा और अलाप्पुझा जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हें।
पंपा नदी पर बना मूझियार बांध रेड अलर्ट पर
पम्पा नदी पर बना मूझियार बांध अब रेड अलर्ट पर है, क्योंकि इसका जलस्तर अपनी अधिकतम क्षमता के करीब पहुंच गया है। अधिकारियों ने पानी छोड़ने के लिए एक शटर खोला है और अचानक बाढ़ आने की चेतावनी जारी की है।
ऊपरी कुट्टनाड जैसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में बचाव दल सक्रिय हो गए हें। फंसे हुए निवासियों की मदद के लिए यहां अतिरिक्त नावें भी भेजी जा रही हें।
मुत्तर ग्राम पंचायत में निकासी की अपील
अलाप्पुझा जिले की मुत्तर ग्राम पंचायत का बाहरी दुनिया से पूरी तरह संपर्क टूट गया है, क्योंकि वहां की सभी सड़कें पानी में डूब गई हें। फंसे हुए लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर निकालने की मांग अब जोर पकड़ रही है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदी के किनारों का कटाव भी हो रहा है, जिससे आसपास के संवेदनशील इलाकों के लिए नई बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है।