NEET-UG की दोबारा परीक्षा के लिए NTA ने कसी कमर, छात्रों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी
NEET-UG की दोबारा परीक्षा 21 जून को तय की गई है। दरअसल, पेपर लीक होने के कारण पहले हुई परीक्षा रद्द कर दी गई थी। ऐसे में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने छात्रों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। NTA ने कहा, "शांत रहें, अच्छी नींद लें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान दें। आपसे बस यही उम्मीद की जाती है।" छात्रों को यह भी सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें।
NTA ने कड़ी की सुरक्षा, हेल्पलाइन भी शुरू
इस बार निष्पक्ष परीक्षा के लिए NTA ने सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी है। नकल करने की कोशिश करने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। अगर छात्रों को परीक्षा का तनाव महसूस हो रहा है, तो उनके लिए MANAS मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन (14416) उपलब्ध है। इसके अलावा, NTA ने अभिभावकों और शिक्षकों से भी छात्रों को पूरा सहयोग देने और उनका हौसला बढ़ाने की अपील की है।