NEET पेपर लीक का डर: NTA ने बदला कार्यालय, अब रहेगा CISF का पहरा
NEET 2026 पेपर लीक के बाद देशभर में खूब हंगामा हुआ था। छात्रों ने जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किए और तो और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को भी इस्तीफा देना पड़ा था। इन सब घटनाओं के बाद राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) अब किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती है। इसी कड़ी में NTA ने अपना कार्यालय मिंटो रोड पर स्थित भारत सरकार के प्रेस भवन में शिफ्ट कर लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी परीक्षा सुरक्षा कड़ी करने को कहा था, जिसके बाद एजेंसी ने नए सुरक्षा इंतजाम लागू करने शुरू कर दिए हैं।
NTA ने तैनात किए 39 CISF जवान
NTA ने अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के 39 जवान तैनात किए हैं। ये जवान एक्स-रे स्कैनर और मेटल डिटेक्टर की मदद से पूरे दफ्तर की सुरक्षा पर कड़ी नजर रखेंगे। अब कार्यालय में अंदर जाने के लिए खास पाबंदियां लगाई गई हैं। इमारत के अंदर कई गोपनीय जोन (कॉन्फिडेंशियल जोन) बनाए गए हैं, जहां सिर्फ अधिकृत लोगों को ही जाने की इजाजत होगी। एक मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी (CISO) को भी नियुक्त किया गया है, जो साइबर सुरक्षा पर नजर रखेंगे। इसके अलावा, लगातार साइबर सुरक्षा जांच भी की जा रही हैं। इन सभी कदमों का मकसद यह पक्का करना है कि भविष्य में फिर कभी कोई परीक्षा लीक न हो।