कोचीन में भयानक हादसा: नशे के आदि चालक ने ली 3 युवकों की जान
केरलम के कोचीन हवाई अड्डे के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार मिनी कूपर ने स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार 3 नौजवानों देविका, गोपिका और इजाज की मौत हो गई। गाड़ी चला रहा 19 वर्षीय सुहैल साजीव कथित तौर पर शराब के नशे में था। हादसे के बाद चश्मदीदों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने सुहैल पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
सुहैल के सोशल मीडिया पोस्ट की जांच में जुटी पुलिस
चश्मदीदों ने बताया कि जब कार ने स्कूटर को टक्कर मारी, तब उसकी रफ्तार बहुत ज़्यादा थी। पुलिस अब सुहैल के सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर रही है। इन पोस्ट में वह 200 किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज्यादा की रफ्तार से गाड़ी चलाता दिख रहा है। पुलिस यह जानना चाहती है कि क्या यह उसकी लगातार लापरवाही से गाड़ी चलाने की आदत थी। जांच के लिए पुलिस ने सुहैल के खून और पेशाब के नमूने लिए हैं। इसके साथ ही CCTV फुटेज की भी समीक्षा की जा रही है। कार की फोरेंसिक जांच भी हो रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि कहीं उसमें कोई नशीला पदार्थ तो नहीं था।