मुंबई में जहर घोल रही हवा: मानसून के बाद PM2.5 हुआ खतरनाक
मुंबई में मानसून खत्म होते ही हवा की क्वालिटी काफी खराब होने लगी है, जिससे लोगों को सांस लेने में भी दिक्कतें आ रही हैं। 8 अक्टूबर को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 197 तक पहुंच गया। इस दौरान PM2.5 कणों का स्तर 150 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, 24 घंटे के लिए यह स्तर सिर्फ 15 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर तक ही होना चाहिए, ऐसे में मुंबई की हवा काफी खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है।
मुंबई में PM2.5 का स्तर 60 से बढ़कर इतना हुआ
आपको बता दें कि अभी एक महीने पहले ही PM2.5 का स्तर 60 से नीचे था। इससे साफ पता चलता है कि प्रदूषण में अचानक कितनी बड़ी बढ़ोतरी हुई है। बारिश कम होने की वजह से प्रदूषक तत्व हवा में ज्यादा देर तक टिके रहते हैं। इसके साथ ही, भारी ट्रैफिक, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और हवा की धीमी रफ्तार भी प्रदूषण बढ़ने की मुख्य वजहें मानी जा रही हैं। अनुशक्ति नगर और बांद्रा ईस्ट जैसे इलाकों में तो हवा की क्वालिटी सबसे ज्यादा खराब रिकॉर्ड की गई है। ऐसे में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों को इस समय ज्यादा सावधान रहना चाहिए। इसलिए, हवा की क्वालिटी से जुड़ी ताजा जानकारी पर हमेशा नजर बनाए रखना बेहद जरूरी हो गया है।