NEET-UG दोबारा परीक्षा: पेपर लीक का दाग मिटाने के लिए NTA ने बिछाया सुरक्षा जाल, लाखों छात्रों ने दी परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक के आरोपों कारण रद्द की गई मई में आयोजित हुई NEET-UG परीक्षा को रविवार को देशभर के 5,440 केंदों पर दोबारा आयोजित कराया। 22 लाख से भी ज्यादा छात्रों ने यह परीक्षा दी, जिसके जरिए वे पूरे भारत के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में दाखिला पाते हैं। इस परीक्षा के लिए NTA ने सुरक्षा अभेद जाल बिछाया था।
NTA ने 1.38 लाख CCTV कैमरों से की निगरानी
परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए NTA ने 1,38,560 CCTV कैमरे और 51,311 जैमर लगाए। प्रवेश के नियम बहुत सख्त थे। छात्रों को अपना एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र दिखाना जरूरी था। परीक्षा देने आई सोना ने बेहतर व्यवस्थाओं की तारीफ की, खासकर कूलर और पीने के पानी की सहूलियत को उन्होंने सराहा। वहीं दिल्ली के किशन ने कहा, "इस बार सुरक्षा काफी कड़ी रखी गई है।" हालांकि, सोना का यह भी मानना था कि अगर ऐसे कड़े इंतजाम पहले किए जाते, तो पिछली बार ऐसी समस्या आती ही नहीं।