भारत ने क्यों स्थगित की सिंधु जल संधि? अमेरिका में भारत के राजदूत ने बताई वजह
23 अप्रैल 2025 को भारत ने पाकिस्तान के साथ हुई सिंधु जल संधि को रोक दिया। यह फैसला जम्मू-कश्मीर में हुए एक जानलेवा आतंकी हमले के बाद लिया गया, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। यह संधि साल 1960 में शुरू हुई थी, जिसके तहत पाकिस्तान को नदी के पानी का ज्यादातर हिस्सा इस्तेमाल करने की छूट मिलती थी।
भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने बताया कि यह फैसला भरोसे की कमी के कारण लिया गया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की ओर से सीमा पार आतंकवाद को लगातार मिल रहा समर्थन उस भरोसे को खत्म कर चुका है, जिसकी बुनियाद पर यह समझौता कायम था।
भारत ने पाकिस्तान से आतंक के ढांचे को खत्म करने को कहा
क्वात्रा ने दशकों से चले आ रहे तनाव की ओर भी ध्यान दिलाया। इसमें दोनों देशों के बीच हुए कई युद्ध, बार-बार हुए आतंकी हमले और पाकिस्तान द्वारा भारतीय हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स को रोके जाना शामिल था। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के इस बयान को दोहराया कि 'आतंक और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते'।
क्वात्रा ने साफ कहा कि भारत तभी सहयोग करेगा, जब पाकिस्तान अपने आतंकी ढांचे को पूरी तरह खत्म कर देगा। भारत ने उन दावों को भी सिरे से खारिज कर दिया जिनमें पाकिस्तान अपनी पानी की कमी के लिए भारत को दोषी ठहरा रहा था। भारत का कहना था कि यह कमी पाकिस्तान में पानी के गलत प्रबंधन के कारण पैदा हुई है।