कोच्चि हादसे से केरलम सरकार सख्त, नाबालिगों को शराब परोसने वालों पर कस रही शिकंजा
केरलम के कोच्चि के पास एक दर्दनाक कार हादसा हुआ, जिसमें एक 19 वर्षीय चालक की गाडी से 3 युवाओं की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद केरलम सरकार अब उन बारों को लेकर सख्त हो गई है जो 23 साल से कम उम्र के लोगों को शराब परोसते हैं। आबकारी मंत्री एम बी राजेश ने बताया कि आबकारी विभाग ने ऐसे 3 बारों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। इन बारों पर आरोप है कि इन्होंने आरोपी व्यक्तियों को शराब परोसी, जबकि वे तय उम्र सीमा से कम थे। सरकार अब शराब परोसने की उम्र सीमा को कड़ाई से लागू करने और सडकों को सुरक्षित बनाने के लिए अपनी कोशिशं बढ़ा रही है।
ड्राइवर सुहैल पर गंभीर आरोप
इस हादसे ने यह साफ कर दिया है कि कम उम्र में शराब पीकर गाडी चलाना कितना खतरनाक हो सकता है। ड्राइवर सुहैल पर कई गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि गाडी में बैठे बाकी यात्रियों की इसमें क्या भूमिका थी। मंत्री राजेश ने बताया कि केरल में कई सडक हादसों की वजह शराब पीकर गाडी चलाना ही होता है। उन्होंने यह भी जोडा कि मौजूदा आबकारी एक्ट में ऐसे बारों के खिलाफ कार्रवाई करने के प्रावधान पहले से है, जो कानूनी उम्र से कम लोगों को शराब परोसते हैं।