आंध्र प्रदेश ने पटाखों से जुड़े नियम सख्त किए, अब लाइसेंसिंग में होगी दोहरी जांच
रायवरम और वेटलपालेम में पटाखों की फैक्ट्रियों में हुए दुखद धमाकों के बाद आंध्र प्रदेश ने अब पटाखों से जुड़े सुरक्षा नियमों को और भी सख्त करने का फैसला किया है।
राज्य में अब केंद्रीय स्तर पर निगरानी और जोखिम-आधारित निरीक्षण शुरू किए जाएंगे। इनकी अगुवाई स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स एंड फायर सर्विसेज के डायरेक्टर जनरल करेंगे। इसके अलावा, स्थानीय स्तर पर जिलों के कलेक्टर भी इन नियमों को लागू करने में सहयोग देंगे।
पटाखों की सुरक्षा के लिए 2-चरण लाइसेंसिंग जरूरी
पटाखों से जुड़ी सुरक्षा के लिए 'स्टेट एक्सप्लोसिव्स एंड फायरवर्क्स सेफ्टी सेल' का जल्द ही गठन किया जाएगा। इसके तहत डिजिटल ट्रैकिंग और सख्त जांच का शेड्यूल लागू किया जाएगा।
लाइसेंस लेने की प्रक्रिया भी अब और कठिन हो गई है, क्योंकि अब 2 चरणों वाली नई व्यवस्था लागू की जा रही है। पहले अस्थायी अनुमति मिलेगी और उसके बाद निर्माण कार्य पूरा होने पर अनिवार्य रूप से मौके पर जाकर जांच की जाएगी। इस जांच के लिए निर्माण स्थल की जियो-टैग्ड तस्वीरें और वीडियो सबूत देने होंगे, ताकि सही ढंग से सत्यापन हो सके।
परमिट पर नजर रखने के लिए अगले 6 महीने में एक ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया जाएगा। यदि कोई बिना लाइसेंस के या असुरक्षित तरीके से काम करता हुआ पाया जाता है, तो उसे तुरंत बंद करवा दिया जाएगा और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
यहां तक कि जो इंस्पेक्टर अपना काम ठीक से नहीं करेंगे, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।