महाराष्ट्र में PUC के दाम 20 प्रतिशत बढ़े, जानें नई दरें
अगर आप महाराष्ट्र में गाड़ी चलाते हैं, तो अब आपको थोड़ा ज्यादा शुल्क चुकाना होगा। PUC सर्टिफिकेट के शुल्क में 20 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी गई है। ये नई दरें तुरंत प्रभाव से लागू हो गई हैं।
अब पेट्रोल, डीजल और CNG से चलने वाले सभी वाहनों को पीयूसी सेंटर्स पर इन नए शुल्कों का भुगतान करना होगा। यह फैसला एक कमेटी की समीक्षा के बाद लिया गया है। इस कमेटी ने दूसरे राज्यों के PUC शुल्कों की तुलना महाराष्ट्र से की थी।
महाराष्ट्र में PUC की नई दरें 60 से 180 रुपये तक
अब 2 पहिया वाहनों के लिए 50 रुपये की जगह 60 रुपये चुकाने होंगे। पेट्रोल से चलने वाले 3 पहिया वाहनों का शुल्क 100 रुपये से बढ़कर 120 रुपये हो गया है। पेट्रोल या CNG पर चलने वाली 4 पहिया गाड़ियों के लिए पहले 125 रुपये लगते थे, जो अब बढ़कर 150 रुपये हो गए हैं।
वहीं, डीजल से चलने वाले 4 पहिया वाहनों को 150 रुपये की जगह अब 180 रुपये देने होंगे।
महाराष्ट्र में वायुवेग स्क्वॉड नियमों की निगरानी कर रहे
सभी पीयूसी सेंटर्स को नई कीमतें साफ-साफ दिखानी होंगी। इसके साथ ही, 'वायुवेग स्क्वॉड' यह भी सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी तय शुल्क से ज्यादा पैसे न वसूले और सभी नए नियमों का पालन करें।