गुरुग्राम हिट एंड रन मामले का हरियाणा राज्य महिला आयोग ने लिया संज्ञान
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर दिखाया गया है कि गुरुग्राम में एक गाड़ी के ड्राइवर ने जानबूझकर एक महिला सवार को टक्कर मार दी। इस मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग ने तुरंत संज्ञान लिया।
आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और यह सुनिश्चित करने को कहा कि पीड़ित महिला सुरक्षित रहे और उसे हर जरूरी मदद मिले।
आयोग ने सबूतों को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया
पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि वे पीड़ित महिला को ढुंढे, उसे सुरक्षा दें और उसकी मेडिकल व कानूनी जरूरतों में मदद करें। साथ ही, गाड़ी चलाने वाले ड्राइवर और उसके मालिक का भी पता लगाया जाए।
आयोग ने पुलिस से यह भी कहा है कि वे घटना के असली वीडियो, CCTV फुटेज, गाड़ी के कागजात और मामले से जुड़े दूसरे सभी सबूतों को सुरक्षित रखें। इसके अलावा, पुलिस को तुरंत FIR दर्ज करने के लिए भी कहा गया है। आयोग ने पुलिस से यह भी कहा है कि इस मामले की जांच के दौरान महिला और उसके परिवार को किसी भी तरह की धमकी या परेशानी से बचाया जाए।