दिल्ली विश्वविद्यालय के हजारों छात्रों ने निकाला मार्च, क्या हैं मांगे?
सोमवार, 28 सितंबर को लगभग 3,000 दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के छात्रों ने नॉर्थ कैंपस में विरोध मार्च निकाला। यह प्रदर्शन आस्था कुंज पार्क में हुई कथित गैंगरेप की घटना के बाद शुरू हुआ।
आरोप है कि 17 साल की एक लड़की के साथ कुछ लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर इस वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद छात्रों में भारी गुस्सा है और वे सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित बनाने के साथ-साथ अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं।
DU के प्रदर्शनकारियों की क्या है मांगें?
रैली में शामिल छात्रों ने कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थल सुरक्षित होने चाहिए, रात में सड़कों पर बेहतर रोशनी होनी चाहिए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
इसी बीच, एक अन्य घटना में दिल्ली यूनिवर्सिटी के लॉ के 3 छात्रों को सस्पेंड किया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने 2 महिलाओं को परेशान किया और उनका पीछा किया। इस घटना ने यूनिवर्सिटी परिसर की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं बढ़ा दी हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने भी हाल ही में दिल्ली में सामने आए रेप के मामलों पर अपनी चिंता जताई है। कोर्ट ने जोर देकर कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा में हुई किसी भी तरह की कमी के लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए।