प्रधानमंत्री मोदी के संदेश के बाद एक्शन में सरकार, राजनाथ सिंह की अहम बैठक
देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज नई दिल्ली में एक अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में वे इलाके की बदलती हुई स्थिति का जायजा लेंगे और इससे जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेंगे। यह बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस ताजा संदेश के बाद बुलाई गई है, जिसमें उन्होंने हर किसी से कहा था कि वे भारत को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें, खासकर जब पूरी दुनिया में बड़े बदलाव हो रहे हैं।
मोदी ने ईंधन की बचत और प्राकृतिक खेती का किया आग्रह
प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से कहा कि वे पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम करें। उन्होंने सलाह दी कि आवाजाही के लिए सार्वजनिक परिवहन, कारपूलिंग या फिर इलेक्ट्रिक गाड़ियों का चुनाव करें। मोदी ने लोगों से यह भी कहा कि वे विदेशों की सैर या सोने पर बेफिजूल खर्च करने की बजाय अपने देश के बने सामानों को खरीदें और बढ़ावा दें। किसानों से उन्होंने कहा कि वे खेतों में रासायनिक खाद का इस्तेमाल आधा कर दें और प्राकृतिक खेती को अपनाएं। प्रधानमंत्री का मुख्य संदेश यही था कि हमारे रोजमर्रा के छोटे-छोटे फैसले ही देश को उस समय ताकत देते हैं, जब दुनिया भर में मुश्किलें हों।