प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं वेनेजुएला की नेता, सीधे पहुंचीं साईं बाबा के दरबार
भारत दौरे पर आईं वेनेजुएला की नेता डेलसी रोड्रिग्ज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। इसके ठीक बाद वे दिवंगत आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा के प्रशांत निलयम आश्रम पहुंची। गौरतलब है कि डेलसी और वेनेजुएला के पूर्व नेता निकोलस मादुरो, दोनों ही सत्य साईं बाबा के लंबे समय से भक्त रहे हैं। उनकी शिक्षाओं से दोनों को हमेशा प्रेरणा मिलती रही है।
वेनेजुएला में सत्य साईं बाबा के 2 लाख अनुयायी
डेलसी इससे पहले भी इस आश्रम का दौरा कर चुकी हैं। उन्होंने एक बार बताया था, "कई बार जब मैं मुश्किल में थी, तो मुझे महसूस होता था कि बाबा मेरे साथ हैं। मेरे परिवार के साथ हैं और मेरे देश के साथ भी। वे हमेशा हमारे साथ हैं, हमें सिखाते हैं और शांति के साथ प्यार का रास्ता दिखाते हैं।" मादुरो उन्हें 'प्रकाश का पुंज' कहते हैं और अपने दफ्तर में राष्ट्रीय प्रतीकों के साथ उनकी तस्वीर भी रखते हैं। यह आंदोलन 1970 के दशक में वेनेजुएला पहुंचा था और आज वहां इसके लगभग 2 लाख अनुयायी हैं, जो सत्य साईं बाबा के व्यापक प्रभाव को दिखाता है।