दक्षिण गुजरात में भारी बारिश का कहर, 500 से ज्यादा बाढ़ पीड़ितों को बचाया गया
दक्षिणी गुजरात में भारी बारिश के बाद सूरत के ग्रामीण इलाकों में बाढ़ आ गई है। किम नदी का पानी काफी बढ़ गया है, जिससे गायकवाड़ी जैसे इलाकों की सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गई हैं। इसके चलते कोसंबा और किम के बीच का रास्ता भी बंद हो गया है। नदी के किनारे बसे कई घरों में पानी घुस गया है, इसलिए लोग घरों में ही रुके हुए हैं। प्रशासन ने लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए बाढ़ के पानी से दूर रहने की अपील की है।
नवसारी में NDRF ने 67 लोगों को बचाया
नवसारी में NDRF ने एक बाढ़ प्रभावित गांव से 67 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। वलसाड में भी बचाव अभियान तेजी से चल रहा है, जहां NDRF और SDRF की 5-5 टीमें तैनात हैं। इनके साथ सेना और दमकल विभाग के कर्मचारी भी मिलकर काम कर रहे हैं। अब तक चार तहसीलों से 500 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। अधिकारी लगातार स्थिति पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं।