महाराष्ट्र: रत्नागिरी रेलवे स्टेशन बारिश के बाद गिरा छत का बड़ा हिस्सा, जांच शुरू
महाराष्ट्र के रत्नागिरी रेलवे स्टेशन पर रविवार रात भारी बारिश के बाद छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा। करीब 50 फुट लंबी यह छत ढहने से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त स्टेशन पर लोग कम थे, इसलिए कोई चोटिल नहीं हुआ। दरअसल, खराब मौसम के कारण उस समय भीड़ नहीं थी। इस घटना ने एक बार फिर लोगों के मन में यह सवाल पैदा कर दिया है कि बारिश के मौसम में सार्वजनिक इमारतें कितनी सुरक्षित हैं।
लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार ने की थी मरम्मत
स्टेशन का जो हिस्सा गिरा है, वह बाहरी तरफ का था, जिसकी मरम्मत लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार ने 2 साल पहले ही की थी। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब इस स्टेशन पर सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई हो। पिछले साल भी यहां छत से पानी टपकने की समस्या सामने आई थी। इस बीच पूरे राज्य में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ और आवागमन में परेशानी बनी हुई है।