चीनी हुई 65 रुपये पार, D-मार्ट में 5 किलो से अधिक खरीदने पर रोक
देशभर में चीनी के दाम काफी बढ़ गए हैं। अब इसकी कीमत 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जो जुलाई के मुकाबले 10 रुपये ज्यादा है।
दाम बढ़ने के बाद दुकानों पर चीनी खरीदने के लिए नए नियम भी लागू हो गए हैं। पुणे के डीमार्ट में तो ग्राहक एक बिल पर सिर्फ पांच किलो चीनी ही खरीद पाएंगे। वहीं, बिगबास्केट ने चीनी के बड़े पैकेट बेचने बंद कर दिए हैं। दरअसल, सरकार ने पिछले हफ्ते ही थोक खरीदारों के लिए चीनी के स्टॉक की सीमा तय की थी। ऐसा इसलिए किया गया ताकि जमाखोरी रुक सके और त्योहारों के मौसम में सभी को आसानी से चीनी मिल सके।
मिठाई की दुकानें और बेकरी महंगी लागत का सामना कर रहे
गणेश चतुर्थी का त्योहार नजदीक है, ऐसे में मिठाई और बेकरी वालों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
एक मिठाई की दुकान चलाने वाले राज मिश्रा ने बताया कि चीनी महंगी होने की वजह से जल्द ही मिठाइयां भी महंगी हो सकती हैं। वहीं, बेकरी प्रोडक्ट बनाने वाले अरिज शेख का कहना है कि बढ़ती लागत के कारण उन्हें पहले ही अपने सामान के दाम बढ़ाने पड़े हैं।
बाजार के जानकारों की मानें तो चीनी के दाम बढ़ने के पीछे कई वजहें हैं। इनमें गन्ने का कम उत्पादन होने की आशंका, खराब मौसम और इथेनॉल बनाने के लिए चीनी का ज्यादा इस्तेमाल होना शामिल है।