दिल्ली की हवा में दिखा दिवाली असर, 360 पर पहुंचा AQI
दिवाली तो खत्म हो गई, लेकिन इस त्योहार के बाद कई भारतीय शहरों की हवा की सेहत काफी बिगड़ गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, देहरादून, भुवनेश्वर, अमरावती और चेन्नई जैसे शहरों में दिवाली के बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) का स्तर तेजी से बढ़ा। बाकी शहरों में बढ़ते प्रदूषण के बावजूद दिल्ली की हवा अब भी सबसे खराब बनी हुई है। 8 और 9 नवंबर को दिल्ली का औसत AQI 360 दर्ज किया गया।
दिवाली के बाद AQI बढ़ने में देहरादून सबसे आगे रहा
दिवाली के बाद AQI बढ़ने के मामले में देहरादून सबसे ऊपर रहा, जहां 219 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। भुवनेश्वर (163 प्रतिशत), अमरावती (लगभग 160 प्रतिशत) और चेन्नई (139 प्रतिशत) भी इससे बहुत पीछे नहीं थे। मुंबई में प्रदूषण करीब 64 प्रतिशत बढ़ा, वहीं बेंगलुरु में यह 53 प्रतिशत तक ऊपर चला गया। पटना और गांधीनगर जैसे कुछ शहरों में भी AQI में बड़ी उछाल देखने को मिली। दिलचस्प बात यह है कि कोहिमा उन चुनिंदा जगहों में से एक रहा, जहां इस दिवाली हवा थोड़ी साफ हुई।