E20 पेट्रोल में 31 प्रतिशत एथेनॉल के दावे पर अड़ी कर्नाटक सरकार, केंद्र का इनकार
कर्नाटक ने देशभर में पेट्रोल की जांच की मांग की है। राज्य में पेट्रोल के नमूनों में 31.2 प्रतिशत तक एथेनॉल पाया गया है, जो E20 नीति की तय सीमा 20 प्रतिशत से कहीं ज्यादा है।
खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री रिजवान अरशद ने बताया कि राज्य सरकार देश भर में स्वतंत्र, मान्यता प्राप्त लैब्स के जरिए टेस्टिंग करवाना चाहती है। साथ ही, उन्होंने बाकी राज्यों से भी अपने स्तर पर जांच करने की अपील की है।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने खारिज किए कर्नाटक के दावे
दूसरी ओर, बड़ी तेल कंपनियों और पेट्रोलियम मंत्रालय ने कर्नाटक के जांच नतीजों को गलत बताया है। उनका कहना है कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल मार्केटिंग कंपनियों (OMC) ने 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से E20 पेट्रोल के जो 893 नमूने जमा किए थे, वे सभी तय मानकों पर खरे उतरे हैं।
इसके बावजूद, कर्नाटक अपने नतीजों पर अड़ा हुआ है और ईंधन की टेस्टिंग में पारदर्शिता की मांग कर रहा है। इस बीच, केरलम ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है।