LOADING...
ईरान पर हमले के बाद भारतीय नागरिकों के एडवाइजरी जारी, कहा- बरतें बेहद सावधानी
ईरान पर हमले के बाद भारतीय नागरिकों के एडवाइजरी जारी की गई है

ईरान पर हमले के बाद भारतीय नागरिकों के एडवाइजरी जारी, कहा- बरतें बेहद सावधानी

Feb 28, 2026
03:40 pm

क्या है खबर?

अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान के खिलाफ बड़ी सैन्य कारवाई शुरू कर दी है। ईरान की राजधानी तेहरान समेत 30 जगहों पर मिसाइलें दागी गई हैं। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी हमला करते हुए इजरायल पर दर्जनों मिसाइलें दाग दीं। इस तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए इजरायल, ईरान और कतर में स्थित भारतीय दूतावासों ने अपने नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी करते हुए उन्हें विशेष सावधानी बरतने और चौकन्ना रहने के लिए कहा है।

एडवाइजरी

भारतीयों के लिए क्या जारी हुई एडवाइजरी?

इजरायल के तेल अवीव और ईरान में स्थित भारतीय दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों के को एडवाइजरी जारी कर कहा है, 'क्षेत्र में मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए इजरायल में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने और हर समय सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।' दूतावास ने आगे लिखा, 'भारतीय नागरिकों को इजरायली और ईरानी अधिकारियों के साथ गृह मोर्चा कमान द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी जाती है।'

हेल्पलाइन

भारतीय नागरिकों के लिए जारी किए गए हैं हेल्पलाइन नंबर

इजरायल स्थित भारतीय दूतावास ने आगे कहा है, 'आपात स्थिति में इजरायल में मौजूद भारतीय नागरिक +972-54-7520711 नंबर पर या cons1.telaviv@mea.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं।' इसी तरह ईरान में भारतीयों के लिए दूतावास ने +989128109115, +989128109109, +989128109102 और +989932179359 नंबर जारी किए हैं। दूतावास ने कहा है कि इजरायल और ईरान में मौजूदा स्थिति बहुत खराब हैं। ऐसे में सभी भारतीय नागरिक अपने घरों में ही रहें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से भी बचना चाहिए।

Advertisement

कतर

कतर में भारतीय दूतावास ने भी जारी की एडवाइजरी

इजरायल और ईरान के बाद कतर की राजधानी दोहा में स्थित भारतीय दूतावास ने भी एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने एक्स पर लिखा, 'अभी के इलाके के हालात को देखते हुए कतर में सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे पूरा ध्यान रखें। दूतावास और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों की पालना करें। भारतीय नागरिक मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 00974-55647502 और ईमेल cons.doha@mea.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं।'

Advertisement

उड़ान

बीच रास्ते से लौटी एयर इंडिया की उड़ान

ईरान और इजरायल द्वारा अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने के बाद भारत से तेल अवीव जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान को बीच रास्ते में ही वापस लौटना पड़ा है। इसके बाद एयर इंडिया ने कहा, 'उसकी दिल्ली-तेल अवीव उड़ान को मुंबई डायवर्ट कर दिया गया है। यह फैसला इजरायल के हवाई क्षेत्र को बंद किए जाने के बाद लिया गया।' एयरलाइन के एक अधिकारी ने बताया कि उड़ान को मुंबई में सुरक्षित उतार लिया गया है।

बयान

इंडिगो ने भी जारी किया बयान

इस बीच, एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने कहा है कि वह ईरान और उसके हवाई क्षेत्र से संबंधित क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रख रही है। एयरलाइन ने एक्स पर लिखा, 'हम ईरान और उसके हवाई क्षेत्र से संबंधित क्षेत्रीय अपडेट पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। हमारे ग्राहकों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है। हमारी टीमें स्थिति के विकसित होने पर किसी भी आवश्यक समायोजन को लागू करने के लिए तैयार हैं।'

हमला

तेहरान में बड़े धमाके, कई मंत्रालय निशाने पर

रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान के बीचोंबीच धमाका हुआ और आसमान में घना धुआं उठता देखा गया। इजरायल ने ईरान के कई मंत्रालयों को अपना निशाना बनाया है। यहां तक कि ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई और राष्ट्रपति के कार्यालय पर भी हमला किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह हमला सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालय के पास हुआ। यह अभी साफ नहीं है कि हमले के वक्त खामेनेई अपने कार्यालय में मौजूद थे या नहीं।

Advertisement