पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर 2 ट्रकों की भिड़ंत में 2 की मौत, 12 अन्य घायल
पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर जम्भुलवाड़ी के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, वहीं 12 लोग घायल हो गए। यह दर्दनाक घटना रविवार तड़के हुई, जब देर रात करीब 12 बजे के बाद 2 ट्रकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही गाड़ियों से जा टकराए। इनकी चपेट में मारुति सुजुकी अर्टिगा और एक टाटा अल्ट्रोज कार आ गईं, जो सतारा की तरफ बढ़ रही थीं।
पुलिस ने ट्रक मालिक संदीप सूर्यवंशी को हिरासत में लिया
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मुंबई के हृदयनाथ गायकवाड़ और नेरुल की आनंदीबाई वाडकर के तौर पर हुई है। दोनों ने इलाज के दौरान स्थानीय अस्पतालों में दम तोड़ दिया। घायलों में से 3 की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में ट्रक मालिक संदीप सूर्यवंशी को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। हादसे के बाद से फरार हुए ट्रक ड्राइवर को ढूंढने के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही है। सड़क से मलबा हटाकर अब ट्रैफिक को सामान्य कर दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।