चेन्नई हवाई अड्डे पर महिला के पास से बरामद हुए 3 जिंदा कारतूस और मैगजीन, पुलिस ने दबोचा
देश
चेन्नई हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह एक महिला को उस वक्त रोका गया, जब वह अपने परिवार के साथ कोच्चि जाने की तैयारी कर रही थी। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के अधिकारियों ने नियमित सुरक्षा जांच के दौरान महिला के कैरी-ऑन बैग की तलाशी ली। इस जांच में उसके बैग से 3 जिंदा कारतूस और एक मैगजीन मिली। यह घटना सुबह करीब 6:40 बजे हुई, जब महिला को इंडिगो की फ्लाइट 6E-5394 से उड़ान भरनी थी।
परमिट न होने पर पकड़ी गई महिला
CISF ने जब महिला से इन कारतूसों को साथ रखने का कारण पूछा, तो वह इन्हें साथ रखने से जुड़ा कोई इजाजतनामा या जरूरी कागज नहीं दिखा पाई। हवाई अड्डे के नियमों के मुताबिक, CISF ने सुबह करीब 8:10 बजे महिला को और जब्त किए गए सामान को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।