गुजरात के बाद अब दिल्ली में JeM से जुड़ा संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
क्या है खबर?
दिल्ली पुलिस की विशेष शखा ने पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से कथित संबंध रखने वाले एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी की भर्ती सोशल मीडिया के जरिए की गई थी। अब पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि क्या दिल्ली से पकड़े गए इस संदिग्ध का संबंध हाल ही में गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) द्वारा गिरफ्तार किए गए 22 वर्षीय जैश संदिग्ध से है।
गिरफ्तारी
सोशल मीडिया निगरानी के बाद दिल्ली में हुई गिरफ्तारी
इंडिया टीवी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। पुख्ता सुराग मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
यह गिरफ्तारी गुजरात ATS द्वारा वडोदरा स्थित भारतीय वायुसेना स्टेशन की रेकी करने के आरोप में एक संदिग्ध को पकड़े जाने के कुछ ही दिनों बाद हुई है।
इसके साथ ही ISI के सोशल मीडिया मॉड्यूल की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई है।
रेकी
वडोदरा वायुसेना स्टेशन की रेकी का मामला
दिल्ली पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या गिरफ्तार आरोपी का संपर्क गुजरात में पकड़े गए मोहम्मद सहरुल इस्लाम कबीरुद्दीन (22) से था।
असम के करीमगंज जिले के निवासी कबीरुद्दीन को गुजरात ATS ने गुरुवार रात उस समय गिरफ्तार किया था, जब वह दाहोद से वडोदरा लौट रहा था।
आरोप है कि उसने दाहोद में एक गुप्त स्थान पर छिपाकर रखी गई AK-47 जैसी असॉल्ट राइफल हासिल की थी।
तथ्य
जांच में सामने आए कई चौंकाने वाले तथ्य
गुजरात ATS की जांच में कबीरुद्दीन से जुड़े कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
गिरफ्तारी से एक दिन पहले कबीरुद्दीन ने सामान्य कपड़ों में वडोदरा वायुसेना स्टेशन के आसपास घूमकर अपने मोबाइल फोन से मुख्य द्वार की तस्वीरें खींची थीं और वीडियो बनाए थे।
जांचकर्ताओं को संदेह है कि यह रेकी पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर के निर्देश पर की गई थी, जिसकी पहचान मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्ला के रूप में हुई है।