व्हॉट्सऐप पर 5 प्रतिशत मुनाफे का लालच, रिटायर्ड अफसर ने गंवाए 2.23 करोड़ रुपये
नोएडा के 73 साल के एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी ऑनलाइन ट्रेडिंग स्कैम में 2.23 करोड़ रुपये गंवा बैठे। धोखेबाजों ने खुद को मुंबई की एक इन्वेस्टमेंट कंपनी का कर्मचारी बताया और व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर उन्हें आसानी से 5 प्रतिशत मुनाफा कमाने का झांसा दिया। इसी झांसे में आकर पीड़ित ने ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया। 14 जून को अकाउंट स्वीकार होने के बाद उन्होंने इसमें पैसे लगाने शुरू कर दिए।
धोखेबाजों ने पहले 62 लाख, फिर 37 लाख मांगे
शुरुआत में थोड़ा मुनाफा दिखने पर उन्होंने और ज्यादा कमाई के चक्कर में और पैसे लगाते गए। लेकिन, जब उन्होंने 1.85 करोड़ रुपये निकालने की कोशिश की, तो धोखेबाजों ने उनका अकाउंट ब्लॉक कर दिया। इसके बाद उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश की गई।
पहले सर्विस फीस के नाम पर 62 लाख रुपये मांगे गए और फिर कैपिटल गेन्स टैक्स के लिए 37 लाख रुपये की मांग की गई। तब उन्हें धोखाधड़ी का एहसास हुआ और उन्होंने असली कंपनी से संपर्क किया, जहां पता चला कि यह पूरा मामला ही फर्जी है। पुलिस ने धोखाधड़ी और IT एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।