बठिंडा में भाजपा नेता के क्लिनिक पर पेट्रोल बम हमला, सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
पंजाब के बठिंडा में सोमवार देर रात भाजपा नेता डॉ तरसेम गर्ग के क्लिनिक पर 2 नकाबपोश लोगों ने पेट्रोल बम फेंका। इस हमले से तेज धमाका हुआ और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। अच्छी बात यह रही कि किसी को चोट नहीं लगी। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद तुरंत वहां से फरार हो गए।
संदिग्धों को पकड़ने के लिए पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
पुलिस ने संदिग्धों को पकड़ने के लिए CCTV फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में सामने आया है कि एक शख्स ने बोतल फेंकी, जबकि दूसरा उस पूरी घटना की वीडियो बना रहा था। आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले डॉ तरसेम गर्ग का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि उन्हें क्यों निशाना बनाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें पहले कभी कोई धमकी नहीं मिली थी। इस घटना से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए हैं, खासकर ऐसे समय में जब मुख्यमंत्री भगवंत मान जल्द ही बठिंडा का दौरा करने वाले हैं।