JNU में छात्र पर चाकू से हमला, दाहिनी आंख की रोशनी गई
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 5 नवंबर को JNU के बराक हॉस्टल में एक छात्र पर चाकू से हमला किया गया। इस हमले में विश्वविद्यालय के दूसरे साल के भाषा के छात्र सौरभ की दाहिनी आंख की रोशनी चली गई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी अजय, जो MA का छात्र है, ने सौरभ पर यह हमला इसलिए किया क्योंकि उसे एक छात्रा के साथ सौरभ की दोस्ती पसंद नहीं थी।
इस खौफनाक वारदात के बाद हॉस्टल में हर कोई सदमे में है। हॉस्टल के पहले फ्लोर से लेकर ग्राउंड फ्लोर तक खून के निशान बिखरे पड़े थे, जिसे देखकर घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, सौरभ अस्पताल में भर्ती
गंभीर रूप से घायल सौरभ को फिलहाल AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में उस छात्रा की शिकायत पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है, जिसके साथ सौरभ की दोस्ती को लेकर विवाद था।
हालांकि, हमले के आरोपी अजय को अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। वहीं, JNU प्रॉक्टर ऑफिस ने इस घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए 4 छात्रों को निलंबित कर दिया है।