समृद्धि एक्सप्रेसवे पर XUV-ट्रक की टक्कर, 3 लोगों की मौत
देश
मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें नासिक से जालना जा रहे एक परिवार के 3 सदस्यों की मौत हो गई। शुरुआती जांच के मुताबिक, महिंद्रा XUV चला रहे प्रतीक जगदाले को गाड़ी चलाते समय झपकी आ गई होगी, जिसके बाद उनकी गाड़ी एक चलते हुए कंटेनर ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में प्रतीक की पत्नी श्रेया पांडे और उनके 3 साल के बच्चे की भी मौत हो गई।
ट्रक के नीचे खिसकी कार, पुलिस कर रही है जांच
टक्कर के बाद कार ट्रक के नीचे घुस गई, जिससे वह बुरी तरह पिचक गई। इस हादसे के बाद वेरूल और छत्रपति संभाजीनगर के बीच एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया। दुर्घटनास्थल पर तुरंत बचाव दल पहुंचा और मौके से सामने आईं तस्वीरें बता रही थीं कि टक्कर कितनी भीषण थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब इस दर्दनाक घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है।