मुबंई: दीये से 17वीं मंजिल पर लगी आग, लिफ्ट में फंसे गार्ड की दर्दनाक मौत
देश
मुंबई के अंधेरी वेस्ट में देर रात एक ऊंची इमारत की 17वीं मंजिल पर आग लग गई। इस दुखद हादसे में 56 साल के एक सुरक्षा गार्ड की जान चली गई।
माना जा रहा है कि आग एक अपार्टमेंट में पूजा के स्थान पर जल रहे दीये से लगी। देखते ही देखते पूरे अपार्टमेंट में धुआं भर गया।
खराब लिफ्ट में दम घुटने से गार्ड की मौत
आग बिजली की तारों और घर के सामान में फैल गई। इसी दौरान सुरक्षा गार्ड धनपत महतो एक खराब लिफ्ट में फंस गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
जिस अपार्टमेंट में आग लगी थी, वहां रहने वाले बुजुर्ग माता-पिता को तो घरेलू सहायिका ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन महतो धुआं फैलने के बाद सीढ़ियों से जाने की बजाय लिफ्ट में घुस गए थे। दमकलकर्मियों ने एक घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया।