जयपुर: बेटी से मिलने के लिए पत्नी ने मांगे 20 लाख रुपये, मैनेजर पति ने की आत्महत्या
राजस्थान की राजधानी जयपुर में 33 साल के सेल्स मैनेजर जितीन कुमार 1 अगस्त को जयपुर स्थित अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे। पुलिस के मुताबिक, फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था और मौके से 4 पन्नों का एक सुसाइड नोट भी मिला। इस नोट में जितीन ने अपनी मौत के लिए पत्नी शेफाली और उनके परिवार को जिम्मेदार ठहराया था। जितीन के भाई की शिकायत पर पुलिस ने शेफाली, उनके माता-पिता और भाई के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
बेटी से मिलने के बदले शेफाली पर 20 लाख रुपये मांगने का आरोप
सुसाइड नोट और जितीन के भाई के बयानों के मुताबिक, शेफाली उन पर दबाव डाल रही थीं। जितीन के अनुसार, शेफाली ने उनसे अपनी बेटी से मिलने के बदले 20 लाख रुपये या एक घर की मांग की थी। साथ ही उन्हें ससुराल वालों से अपने रंग-रूप को लेकर ताने भी सुनने पड़ते थे और माता-पिता से अलग रहने का दबाव भी बनाया जाता था। पुलिस फॉरेंसिक टीम की सहायता से सबूत इकट्ठा कर रही है और मामले की जांच अभी जारी है।