कर्नाटक: विधायक की बेटी पर पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारने का आरोप, पिता ने मांगी सार्वजनिक माफी
देश
कनार्टक में भाजपा विधायक बी सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या पर 12 अगस्त को श्रीरंगपट्टण के एक मंदिर में एक पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मारने और धमकाने का आरोप लगा है। यह घटना तब हुई, जब भीमा अमावस्या के मौके पर ऐश्वर्या को दर्शन करने में देरी हो रही थी। इसी दौरान पुलिस उप निरीक्षक सविता बी से उनकी बहस हो गई। आरोप है कि इस दौरान ऐश्वर्या ने उनके साथ बदतमीजी की और उनके काम में बाधा डाली।
ऐश्वर्या ने दर्ज कराई जवाबी शिकायत, गौड़ा ने मांगी माफी
इस मामले में ऐश्वर्या ने भी अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि बहस के दौरान पुलिस अधिकारी ने उनके साथ बदतमीजी की थी। उधर, उनके पिता भाजपा विधायक गौड़ा ने इस पूरे मामले पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी तक इस घटना का कोई वीडियो सबूत नहीं देखा है, लेकिन इसके बावजूद वे इस मामले के लिए माफी चाहते हैं।