भारतीय छात्रों का विदेश जाना हुआ कम, 2 साल में 31 प्रतिशत की गिरावट आई
साल 2023 से 2025 के बीच, विदेश पढ़ने जाने वाले भारतीय छात्रों की संख्या में खासी कमी आई है। आंकड़ों के मुताबिक, 2023 में लगभग 9 लाख भारतीय छात्र विदेश गए थे, लेकिन 2025 तक यह संख्या 6 लाख से थोड़ी ऊपर रह गई। यह करीब 31 प्रतिशत की एक बड़ी गिरावट है। यह गिरावट तब सामने आई है, जब 2021 से 2023 के बीच छात्रों के विदेश जाने की संख्या में जबरदस्त उछाल देखा गया था और इस दौरान यह आंकड़ा लगभग दोगुना हो गया था।
भारत में विदेशी विश्वविद्यालय खोल रहे परिसर
भारत अब अंतरराष्ट्रीय शिक्षा को अपने घर के करीब लाने की कोशिश कर रहा है। इसी कड़ी में, अमेरिका, ब्रिटेन, इटली और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के कई विश्वविद्यालय को भारत में अपने कैंपस खोलने का न्योता दिया गया है। इनमें से कुछ यूनिवर्सिटीज ने तो गुरुग्राम और बेंगलुरु में अपने कैंपस खोल भी लिए हैं।
सिर्फ विदेशी यूनिवर्सिटीज ही नहीं, IIT मद्रास और IIT दिल्ली जैसे भारत के जाने-माने संस्थानों ने भी अब विदेशों में अपनी पहचान बनाई है। इन संस्थानों ने तंजानिया के जांजीबार और UAE के अबू धाबी में अपने नए कैंपस शुरू किए हैं। IIM अहमदाबाद ने भी सितंबर 2025 से अपने दुबई कैंपस में एक साल का फुल-टाइम MBA प्रोग्राम शुरू करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही एक जनरल मैनेजमेंट प्रोग्राम भी उपलब्ध होगा।