रील का जुनून, किराए की ऑडी और दर्दनाक मौत: दिल्ली में नाबालिग की लापरवाही ने छीनी जान
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के एक 17 वर्षीय किशोर ने सोशल मीडिया पर एक रील देखी थी। इस रील में वाहन किराए पर देने का विज्ञापन था और इसमें ड्राइविंग लाइसेंस भी दिखाया गया था। इसी से प्रभावित होकर उसने एक ऑडी किराए पर ली।
4 अक्टूबर को उसने किशनगढ़ रेड लाइट के पास 3 गाड़ियों में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे राहगीर उमाशंकर की जान चली गई।
यह कार किसी ऐप के जरिए नहीं, बल्कि सीधे किराए पर ली गई थी। हैरानी की बात यह है कि अभी तक रेंटल कंपनी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
FIR दर्ज, दस्तावेजों की जांच जारी
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। किशोर को वीडियो कॉल के जरिए जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) के सामने पेश किया गया है।
पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, रेंटल कंपनी से संपर्क साधकर दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि घटना के वक्त कार में कोई और भी था या नहीं।
पुलिस उन चश्मदीदों से भी आगे आकर जानकारी देने की अपील कर रही है, जिन्होंने यह हादसा होते देखा था।