हरियाणा चुनावों के ऐलान के बाद गुरुग्राम में ट्रैफिक चालान में 97 फीसदी की कमी
हरियाणा में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनावों के लिए मतदान होना है। बीते 21 सितंबर को चुनाव कार्यक्रमों का ऐलान किया गया था। उस दिन के बाद गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के कारण कटने वाले चालानों की संख्या में लगभग 97 फीसदी कमी आई है। 21 सितंबर से पहले गुरुग्राम में रोजाना औसतन 2,000 चालान कटते थे, जो अब कम होकर लगभग 50 रह गए है। चुनावों से पहले इस कमी के राजनीतिक मायने हैं।
हरियाणा विधानसभा चुनावों में मुद्दा है मोटर वाहन अधिनियम
हरियाणा में भाजपा की सरकार है। चुनावों से पहले लागू हुए नए मोटर वाहन अधिनियम के तहत ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर भारी जुर्माने का प्रावधान है। इसे लेकर लोगों में सरकार के प्रति रोष था। कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने हरियाणा में भारी जुर्माने को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। कई कांग्रेसी नेताओं ने राज्य में अपनी सरकार बनने पर जुर्माने की समीक्षा की बात कही थी। हरियाणा विधानसभा चुनावों में यह एक मुद्दा है।
पुलिस को मिले चालान नहीं करने के निर्देश
हरियाणा पुलिस ने नए ट्रैफिक नियमों को लेकर राज्यभर में तीन दिवसीय जागरुकता अभियान चलाया था। एक अधिकारी का कहना है कि इस अभियान के बाद राज्य पुलिस को चालान काटने में संयम बरतने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अगली सरकार आने तक मौखिक रूप से इस निर्देश का पालन करने को कहा था। अब नियम तोड़ने वालों का चालान काटने की बजाय उन्हें चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा है।
अधिनियम लागू होने के बाद सरकार से खफा थे लोग
एक वरिष्ठ पुलिस ने बताया कि लोगों में राज्य सरकार के प्रति गुस्सा था क्योंकि भाजपा शासित हिमाचल प्रदेश में यह अधिनियम लागू नहीं हुआ है, वहीं दूसरे भाजपा शासित राज्य गुजरात ने जुर्माने की दरें कम की थी। बता दें कि 1 सितंबर को नया अधिनियम लागू होने के चार दिनों के भीतर हरियाणा सरकार ने जुर्माने के तौर पर लोगों से 52.32 लाख रुपये वसूले थे। इनमें से 10 लाख अकेले गुरुग्राम से वसूले गए थे।
हरियाणा में अधिनियम को बदलने की उठ रही आवाज
विधानसभा चुनाव में नुकसान से बचने के लिए खट्टर सरकार ने चालान करने कम कर दिए हैं। वहीं जननायक जनता पार्टी (JJP) प्रमुख दुष्यंत चौटाला का कहना है कि उनकी सरकार बनने पर लोगों को भारी जुर्माने से छुटकारा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार जुर्माने के नाम पर लोगों को लूट रही है। वहीं कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी चौटाला के सुर में सुर मिलाते हुए कानून में बदलाव की बात कही है।