रंगा रेड्डी में सन्न कर देने वाला हादसा: स्कूल की सीढ़ियों से गिरी 9 साल की वरनिका की मौत, उठ रहे गंभीर सवाल
तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में एक प्राइवेट स्कूल में एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसने कई लोगों को हिला दिया है। गुरुवार को यहां नौ साल की चौथी क्लास की छात्रा वरनिका की स्कूल की सीढ़ियों से गिरने के बाद मौत हो गई। इस हादसे में वरनिका के सिर में गंभीर चोट आई थी। उसे फौरन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अगले दिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर घटना कैसे हुई।
सीसीटीवी फुटेज में घटना, पुलिस कर रही है समीक्षा
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि वरनिका का पैर फिसला और वह सीढ़ियों से नीचे गिर गई। पास खड़े दूसरे बच्चों ने तुरंत उसकी मदद की कोशिश की और एक टीचर भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस इस फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है और ये भी देख रही है कि कहीं वरनिका को पहले से कोई स्वास्थ्य समस्या तो नहीं थी। स्कूल प्रशासन का कहना है कि उन्होंने वरनिका को फौरन अस्पताल पहुंचाया। वहीं, वरनिका के परिवार का आरोप है कि उन्हें समय पर खबर नहीं दी गई, जिससे इलाज में देर हो गई। फिलहाल मामले की जांच चल रही है और अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है।