'शुद्धिकरण' के नाम पर दंपत्ति से हैवानियत, जबरन यौन संबंध बनाने के आरोप में 9 गिरफ्तार
गुजरात के सुरेंद्रनगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दंपत्ति को सरेआम बेइज्जत करने के आरोप में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में महिला का पति और उसके कई रिश्तेदार शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, इन लोगों ने कथित तौर पर पुरुष को अपनी पत्नी के साथ सार्वजनिक तौर पर यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया और महिला का पेशाब पीने को कहा। इन लोगों ने इसे 'शुद्धिकरण अनुष्ठान' का नाम दिया। इस पूरी घटना को मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया गया और फिर वीडियो को सोशल मीडिया पर फैला दिया गया।
वीडियो हुए वायरल, आरोपियों पर गंभीर धाराएं
दम्पति को पहले बहला-फुसलाकर सुरेंद्रनगर बुलाया गया था। वहां पहुंचने पर उन्हें बांधकर सबके सामने अपमानित किया गया। बताया जा रहा है कि महिला पहले अपने पति को छोड़कर किसी और साथी के साथ रहने लगी थी, लेकिन बाद में वह वापस अपने पति के पास लौट आई थी।
इसी बात को लेकर यह पूरी साजिश रची गई और उन पर हमला किया गया। जब यह शर्मनाक वीडियो ऑनलाइन तेजी से फैलने लगे, तो पुलिस ने बिना देर किए तुरंत कार्रवाई की। अब इस मामले में शामिल सभी आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता और IT एक्ट के तहत गंभीर आरोप लगाए गए हैं।