केरलम में भारी बारिश का तांडव, अब तक 8 लोगों की मौत
केरलम में हुई भारी बारिश ने जबरदस्त तबाही मचाई है। इस आपदा में 8 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है, जबकि 8 लोग अभी भी लापता हैं। बारिश के कारण 5,792 लोगों को अपने घर छोड़कर राहत कैंपों में शरण लेनी पड़ी है। बाढ़ की चपेट में आकर 27 घर पूरी तरह बर्बाद हो गए, वहीं 196 घरों को भी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि सरकार इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
केरलम में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, NDRF की टीमें तैनात
बारिश का सबसे ज्यादा असर पठानमथिट्टा, इडुक्की, वायनाड, कन्नूर, कोट्टायम और कोझिकोड जैसे जिलों में देखा जा रहा है। कन्नूर के अयानकुन्नू में तो एक ही दिन में रिकॉर्ड 320 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, कुछ रास्ते फिर से खोल दिए गए हैं, लेकिन कई इलाकों में अभी भी आवाजाही पर रोक लगी हुई है। कई बांधों में पानी का स्तर तो कम हुआ है, लेकिन कुछ बांध अभी भी रेड अलर्ट पर बने हुए हैं। यही वजह है कि कई जिलों के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालात से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा राहत बल (NDRF) की कई टीमें मौके पर तैनात की गई हैं, जो राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।