Page Loader
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन मिले 71,365 नए संक्रमित, सक्रिय मामलों में गिरावट जारी
भारत में कोरोना वायरस के मामले

कोरोना वायरस: देश में बीते दिन मिले 71,365 नए संक्रमित, सक्रिय मामलों में गिरावट जारी

Feb 09, 2022
09:31 am

क्या है खबर?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 71,365 नए मामले सामने आए और 1,217 मरीजों की मौत हुई। इनमें पुरानी मौतें भी शामिल हैं। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,24,10,976 हो गई है। इनमें से 5,05,279 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 8,92,828 हो गई है। सक्रिय मामलों में लगातार 15वें दिन गिरावट आई है। ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण देश तीसरी लहर का सामना कर रहा है।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

बीते दिन ठीक हुए 1.72 लाख मरीज

कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 1,72,211 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 4,10,12,869 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 96.70 प्रतिशत है। कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 15,71,726 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 74.47 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 78,16,243 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,43,155 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 63,23,378 ​लोगों को संक्रमित पाया गया है और 59,939 मौतें हुई हैं। इसी तरह 39,06,761 ​मामलों और 39,447 मौतों के साथ कर्नाटक और 34,20,505 मामलों और 37,809 ​मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले और मौतें

कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 6,107 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 57 मरीजों की मौत हुई। यहां तीसरी लहर कमजोर पड़ रही है। केरल में 29,471 ​लोगों को संक्रमित पाया गया और 824 मरीजों की मौत हुई। इनमें पुरानी मौतें भी शामिल हैं। कर्नाटक में 4,452 मामले सामने आए और 51 मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 4,519 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 37 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

डाटा

वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?

वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में अब तक वैक्सीन की 1,70,87,06,705 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 53,61,099 खुराकें लगाई गईं। देश में 15 साल से अधिक उम्र के लोगों का वैक्सीनेशन किया जा रहा है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में संक्रमितों की संख्या 40 करोड़ पार

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक 40.04 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 57.63 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 7.70 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 9.09 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है। तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.68 करोड़ संक्रमितों में से 6.34 लाख मरीजों की मौत हुई है।