LOADING...
देश के 50 प्रतिशत वाणिज्यिक विमानों में पाई गई तकनीकी खामियां, संसदीय समिति का खुलासा
संसदीय समिति की ऑडिट में एयर इंडिया के सर्वाधिक विमानों में पाई गई तकनीकी खामियां

देश के 50 प्रतिशत वाणिज्यिक विमानों में पाई गई तकनीकी खामियां, संसदीय समिति का खुलासा

Mar 27, 2026
01:11 pm

क्या है खबर?

नागरिक उड्डयन क्षेत्र पर संसद की स्थायी समिति ने सुरक्षा संबंधी गंभीर चिंताओं को उजागर किया है। समिति ने पाया कि पिछले साल ऑडिट किए गए वाणिज्यिक विमानों में से लगभग 50 प्रतिशत में बार-बार तकनीकी खराबी पाए जाने का खुलासा हुआ है। जनवरी 2025 से फरवरी 2026 के बीच समिति ने कुल 754 विमानों की ऑडिट की थी, जिसमें से 377 विमानों में बार-बार तकनीकी समस्याएं देखी गईं, जो यात्री सुरक्षा के लिहाज से बड़ा खतरा है।

सर्वाधिक

एयर इंडिया के विमानों में पाई गई सर्वाधिक खामियां

समिति ने इन खामियों के पैमाने और निरंतरता पर गंभीर चिंता व्यक्त की और चेतावनी दी कि इस तरह के रुझान यात्री सुरक्षा और परिचालन विश्वसनीयता के लिए महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकते हैं। समिति के अनुसर, अधिकांश खामियां एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमानों में मिली। एयर इंडिया के 166 विमानों में से 137 में बार-बार होने वाली खामियां मिली, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा संचालित 101 विमानों में से 54 में लगातार तकनीकी समस्याएं देखी गईं।

चिंता

समिति ने एयर इंडिया की स्थिति पर जताई चिंता

समिति ने कहा कि ऑडिट के दौरान पाई गई कुल खामियों में से लगभग आधी खामियां एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस में थीं और यह बड़ी चिंता का विषय है। रिपोर्ट में अहमदाबाद विमान हादसे के बाद 1 से 4 जुलाई, 2025 के बीच एयर इंडिया की नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा की गई व्यापक ऑडिट का उल्लेख किया गया है। ऑडिट में लगभग 100 सुरक्षा खामियों की पहचान की गई, जिनमें सात लेवल-1 उल्लंघन शामिल हैं।

Advertisement

जानकारी

समिति ने इन खामियों को किया उजागर

समिति ने बोइंग 787 और 777 पायलटों के प्रशिक्षण में कमी, कम से कम चार अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में अपर्याप्त केबिन क्रू की मौजूदगी और उड़ान ड्यूटी समय सीमा के उल्लंघन पर भी प्रकाश डाला। समिति ने सुधार की बड़ी आवश्यकता बताई है।

Advertisement

कार्रवाई

समिति ने एयरलाइंस पर की गई कार्रवाई के बारे में भी बताया

समिति ने बताया कि अकेले एयर इंडिया को ही सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के लिए DGCA से 9 कारण बताओ नोटिस मिले थे। 2025 के अंत तक विभिन्न एयरलाइंस को कुल 19 सुरक्षा उल्लंघन नोटिस जारी किए गए थे। एक विशेष रूप से गंभीर मामले में DGCA ने फरवरी 2026 में एयर इंडिया पर लगभग 1 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया, क्योंकि उसने 8 उड़ानों का वैध एयरवर्थनेस रिव्यू सर्टिफिकेट के बिना संचालन किया था।

Advertisement