
थम नहीं रहे दिल्ली में अपराध, 15 घंटे के अंदर 5 लोगों की गोली मारकर हत्या
क्या है खबर?
देश की राजधानी दिल्ली में अपराधी किस कदर बेखौफ होते जा रहे हैं, इसका उदाहरण तब देखने को मिला जब 15 घंटे के अंदर 5 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मारे गए लोगों में 17 साल का एक लड़का, जमानत पर बाहर एक व्यक्ति और एक पूर्व कॉल सेंटर कर्मचारी शामिल है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गृह मंत्रालय और उपराज्यपाल से दिल्ली की कानून व्यवस्था की स्थिति पर तत्काल ध्यान देने को अपील की।
अपराध
दागी गईं कुल 20 गोलियां
पुलिस के अनुसार, ये हत्याएं 4 अलग-अलग मामलों में हुईं और सभी में मिलाकर कुल 20 गोलियां दागी गईं।
सबसे पहले गुरुवार रात को पश्चिम दिल्ली के विकासपुरी में 35 वर्षीय अमित कोचर को तीन अज्ञात लोग अपनी गाड़ी में बिठाकर ले गए और उसके घर के सामने उसने गोली मार दी।
इसी रात बाहरी दिल्ली के भलास्वा डेयरी इलाके में 90 मिनट के अंदर 2 लोगों की 1 किलोमीटर की दूरी के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी।
बेखौफ अपराधी
व्यस्त चौराहे पर 2 लोगों की हत्या
मामले में पहले 42 वर्षीय प्रोपर्टी डीलर की हत्या की गई और फिर उसके 90 मिनट बाद 17 वर्षीय लड़के को गोली मार दी गई।
चौथी घटना शुक्रवार सुबह उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी पुलिस स्टेशन के पास एक व्यस्त ट्रैफिक जंक्शन पर हुई और इसमें दो लोगों की हत्या की गई।
रात होते-होते मामलों में एक नाबालिग समेत दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
हत्याओं का कारण आपसी रंजिश माना जा रहा है।
राजनीति
केजरीवाल ने बताया बेहद गंभीर स्थिति
दिल्ली में 15 घंटे के अंदर 5 हत्याओं की खबर ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ट्वीट कर प्रतिक्रिया देने पर मजबूर कर दिया।
उन्होंने लिखा, "पिछले 24 घंटे में 5 हत्याएं एक बेहद गंभीर स्थिति है। मैं दिल्ली के उपराज्यपाल और गृह मंत्रालय से राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति पर तत्काल ध्यान देने की अपील करता हूं।"
गौरतलब दिल्ली पुलिस केंद्र सरकार के अधीन आती है और इसे लेकर केजरीवाल का केंद्र सरकार से पुराना झगड़ा है।
ट्विटर पोस्ट
केजरीवाल का मोदी सरकार और उपराज्यपाल पर निशाना
Five murders in Delhi in last 24 hours is an extremely serious situation.
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) June 14, 2019
I appeal to @LtGovDelhi @HMOIndia to urgently look into the law and order situation of the national capital
प्रतिक्रिया
दिल्ली पुलिस का जवाब, इस साल कम हुए जघन्य अपराध
केजरीवाल के ट्वीट का जवाब देते हुए दिल्ली पुलिस ने बताया कि सारे मामलों में व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण हत्याएं हुईं हैं।
दिल्ली पुलिस ने ट्वीट करते हुए लिखा, "आरोपियों की पीड़ितों से पहले से जान-पहचान थी और कुछ मामलों में उन्हें गिरफ्तार भी किया जा चुका है।"
इस बीच पुलिस ने बताया कि 2019 में दिल्ली में जघन्य अपराधों के मामले में 10.5 प्रतिशत और बंदूक की मदद से अपराध के मामलों में 5.65 प्रतिशत की कमी आई है।
समानता
द्वारका मोड़ की तरह दिया नंद नगरी में हत्या को अंजाम
दिल्ली में गोली मारकर हत्या के कई मामले सामने आए हैं।
19 मई को द्वारका मोड़ में हुए गैंगवार में दो लोग मारे गए थे।
मामले में 3 आरोपियों ने ट्रैफिक रुकते ही कार में बैठे अपने लक्ष्य पर गोली बरसाना शुरू कर दिया था।
नंद नगरी में शुक्रवार को हुए डबल मर्डर को भी कुछ इसी अंदाज में अंजाम दिया गया।
3-4 लोगों ने कार में बैठे अपने लक्ष्य का पीछा किया और ट्रैफिक जंक्शन पर गोली मार दी।