तमिलनाडु की थेनी जेल से फरार हुए 17 कैदियों में 5 को दबोचा, 9 जेलकर्मी निलंबित
तमिलनाडु की थेनी की उप-जेल से भागे 17 कैदियों में से 5 को फिर से पकड़ लिया गया है। इन कैदियों ने सुरक्षाकर्मियों का ध्यान भटकाने के लिए मेडिकल इमरजेंसी का बहाना बनाया और भागने में कामयाब रहे। इनमें से 4 को तलाशी अभियान के दौरान ढूंढा गया, वहीं एक कैदी को उस ऑटो रिक्शा से पकड़ा गया जिससे वह फरार हुआ था।
थेनी में 9 जेलकर्मी निलंबित किए गए
इस घटना के बाद 9 जेलकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। जेल महानिदेशक (DGP) और सुधार सेवा के प्रमुख डॉ संदीप राय राठौड़ और दक्षिण जोन के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) विजयेंद्र एस बिदारी ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थानीय जेल अधिकारियों से मुलाकात की। तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सरकार को जेल की कमजोर सुरक्षा व्यवस्था के लिए घेरा है। उन्होंने इस घटना को हाल ही में हुए एक और पलायन के बाद 'चिंताजनक पैटर्न' का हिस्सा बताया। भाजपा ने घटना को सरकार की 'शर्मनाक विफलता' कहा है, वहीं AIADMK नेता एडप्पादी के पलानीस्वामी ने इसे 'एक बड़ा झटका' बताया है।